यूपी के सहारनपुर में शुक्रवार को जहरीली शराब पीने से 44 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद शनिवार को शराब पीने से मारे गए लोगों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव में लोगों का हुजूम जमा हो गया और पूरे गांव में मातम पसरा रहा।
इस दौरान भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर नागल क्षेत्र के गांव उमाही में पहुंचे, उन्होंने श्मशान घाट पर मौजूद लोगों से बात की। चंद्रशेखर ने हाथ जोड़कर लोगों से विनती करते हुए कहा कि शराब पीना छोड़ दो ।
यहां भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार पर भी साधा निशाना, कहा यह सरकार शराब बिक्री बढ़ाना चाहती है और उससे होने वाली कमाई को गौशाला में लगाया जा रहा है, इंसानों की कीमत कम हो गई है, शराब पीने से मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उन्होंने 25- 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा ।
शराब से मौत होने के बाद शनिवार सुबह से ही गांव में मृतकों के अंतिम संस्कार का सिलसिला शुरू हो गया। सनागल क्षेत्र के गांव उमाही में चार लोगों का अंतिम संस्कार शुक्रवार रात्रि में ही कर दिया गया जबकि चार शवों का अंतिम संस्कार के लिए शनिवार सुबह श्मशान घाट पर लाया गया। इसी तरह गांव सलेमपुर, कोल्की कलां, शरबतपुर, ताजपुर, खेड़ा मुगल, माली में भी मृतकों के अंतिम संस्कार हुए।