गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में भैंसा-बुग्गी के साथ बाइकों पर हुड़दंग करते जा रहे कुछ युवकों को एसपी ने रोककर फटकार लगाई। इस दौरान तीन बाइक भी सीज कराई।
मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ की तरफ से पशु दौड़ में शामिल युवक बाइकों पर हुड़दंग करते हुए मेला स्थल पर जा रहे हैं। रविवार की रात पुलिस ने इन पर सख्ती दिखाई। गढ़ चौपला पर एसपी अभिषेक वर्मा और एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग की। पुलिस कर्मियों की कई बार पशु दौड़ाने वालों से नोकझोंक भी हुई। तभी शोर मचाते हुए बाइक पर हुड़दंग करते हुए एसपी के सामने से जा रहे एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया गया। एसपी ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। एसपी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह को बाइकों को सीज करने के निर्देश दिए। वहीं पशु दौड़ करने वालों पर सख्ती बरतने को कहा। सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि गढ़ चौपला पर पुलिस बैरियर लगाए हुए हैं, किसी भी सूरत में पशु दौड़ नहीं होने दी जाएगी और हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।