मेरठ। डेंगू का हमला लगातार जारी है। डेंगू के अधिकतर मामलों में यह गंभीर हो रहा है और लिवर (यकृत) में गड़बड़ी हो रही है। गुर्दों पर भी हमला कर रहा है और दिल की धड़कन भी बढ़ा रहा है।
फिजिशियन डॉ. तनुराज सिरोही ने बताया कि डेंगू वायरस की वजह से एंजाइम बढ़ जा रहा है, जिससे लिवर डिस्फंक्शन हो रहा है। इसके अलावा किडनी और साथ साथ दिल की धड़कन बढ़ना (हार्ट रेट) बढ़ा रहा है। ऐसे में शरीर में फ्लूड की कमी न हो। शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाकर रखें, पानी पीते रहें ताकि हाइड्रेशन बना रहे। हालांकि, इस बार का स्ट्रेन भी थोड़ा सीवियर है।
फिजिशियन डॉ. वीके बिंद्रा ने बताया कि डेंगू मरीजों के लीवर को नुकसान पहुंचा रहा है। मरीज के पेट में तरल पदार्थ जमा हो रहा है। कई मरीजों को ठीक होने में काफी समय लग रहा है। मरीजों को कमजोरी भी अधिक महसूस हो रही है।
मेडिकल के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. तुंगवीर सिंह आर्य ने बताया कि काफी मरीजों में डेंगू का असर शरीर के दूसरे अंगों पर पड़ रहा है। मरीज को तेज बुखार और प्लेटलेट्स तो कम हो ही रहे हैं, साथ ही मरीजों के पैंक्रियाज में सूजन मिल रही है। लोग डेंगू के गंभीर लक्षणों को अनदेखा कर रहे हैं और घर में ही रहते हैं। गंभीर लक्षणों में बेहोशी होना, सांस लेने में तकलीफ, नाक और मसूड़ों से खून आना, शौच व उल्टी में खून आना शामिल हैं।
---
केस स्टडी-1
शास्त्रीनगर के रहने वाले रामकुमार (53) को डेंगू हुआ। तेज बुखार और प्लेटलेट्स घटकर 40 हजार रह गई। बाद में प्लेटलेट्स बढ़ गईं, मगर सेहत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। लिवर की जांच में एसजीपीटी 45 के स्थान पर 200 निकला।
केस स्टडी-2
अहमदनगर निवासी बशीर (47) को डेंगू हुआ। बुखार तो उतर गया, मगर उल्टी होना, कम भूख लगना, थकावट, दस्त होना की शिकायत बनी हुई थी। जांच कराई तो लिवर में खराबी निकली। अभी इलाज चल रहा है।
डेंगू के 6 मरीज मिले, संख्या हुई 1589
मेरठ। डेंगू के शनिवार को 6 नए मरीज मिले। इस साल मरीजों की कुल संख्या 1589 पहुंच गई है। इनमें से 1401 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 188 सक्रिय केस हैं। 37 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 151 घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं। नए मरीज अब्दुल्लापुर, ब्रह्मपुरी, कसेरू बक्सर, राजेंद्रनगर और सरूरपुर के रहने वाले हैं।
3382 सैंपलों की जांच, कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला
मेरठ। शनिवार को 3382 लोगों के सैंपलों की जांच की गई, जिनमें कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला। एक केस सक्रिय है, जो होम आइसोलेशन में है।