मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे की भीमनगर कॉलोनी में आबादी के बीच मगरमच्छों की मौजूदगी से लोगों में दहशत है। सोमवार को कॉलोनी के एक नाले में मगरमच्छ का बच्चा दिखाई देने से हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के बच्चे को रेस्क्यू किया और सुरक्षित गंगा में छोड़ दिया। एक दिन पहले भी इसी स्थान के आसपास मगरमच्छ का बच्चा मिला था।
लगातार दूसरे दिन मगरमच्छ मिलने से चिंता
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि आबादी के बीच लगातार मगरमच्छ दिखाई देने से परिवारों में डर बना हुआ है। सोमवार को नाले में मगरमच्छ का बच्चा दिखने के बाद सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने बच्चों और अन्य निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर मौजूद आजाद समाज पार्टी के रॉबिन ने बताया कि रविवार को भी इसी स्थान के आसपास एक मगरमच्छ के बच्चे का रेस्क्यू किया गया था। लगातार दूसरे दिन मगरमच्छ मिलने से कॉलोनी के लोग भयभीत हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस के एनकाउंटर का खौफ: बुलेट प्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनकर कोर्ट पहुंचे लॉरेंस-गोगी गैंग के दो शूटर