यूपी के सहारनपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान ने कहा कि सपा और बसपा गठबंधन के चलते भाजपा को लोकसभा चुनाव में प्रदेश में एक एक सीट पाने के लिए तरसना पडे़गा। उन्होंने कहा कि कमजोर तबके एकजुट होते हैं तो बडे़ बादशाह ध्वस्त हो जाते हैं। इसके लिए पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से पिछडे़ वर्ग को एकजुट होना होगा। हालांकि आजम खान मायावती के साथ मंच साझा करने के सवाल को टाल गए।
पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री सरफराज खान के चकराता रोड स्थित आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले हिंदू मुस्लिम को बांटने का काम करती थी, अब उसने हिंदू को भी बांटना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि कमजोर लोग जब एकजुट हो जाते हैं तो सत्ता डगमगाने लगती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दुनिया भर के तानाशाहों का अंजाम आपने देखा होगा। बोले कि हम ईद भी मनाएंगे और होली भी खेलेंगे।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब लोग रोजी रोटी मांगते हैं तो उन्हें मिलता दंगा। यूपीकोका पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने व्यंगात्मक लहजे में कहा कि यह एक्ट इसे लाने वाले लोगों पर भी लग सकता है, उन्हें इसे भूलना नहीं चाहिए। सपा बसपा गठबंधन पर किए गए एक सवाल के जवाब में वरिष्ठ सपा नेता ने कहा कि बीजेपी छोटे छोटे दलों से समझौता कर लें तो ठीक, लेकिन सपा बसपा मिल जाएं तो उन्हें गलत लगने लगता है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन, सरफराज खान, राजपाल फंदपुरी, फैसल सलमानी, नदीम कुरैशी, महजबीं खान, पुष्पेंद्र चौधरी आदि रहे।
पढ़ें : आजम खान बोले- युवाओं को नौकरियां देने का वादा पूरा करें बादशाह