मेरठ में हापुड रोड पर कार से जा रही एक महिला से बाइक सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए महिला के पति और भाई को कार से खींच लिया। सड़क पर ही दोनों को गिराकर पीटा गया। जिससे गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपी युवकों को पकड़कर धुन दिया।
घटना बुधवार रात करीब नौ बजे की है। लिसाड़ी गेट निवासी एक महिला परिवार के साथ कार से हापुड़ रोड की तरफ जा रही थी। आरोप है कि ढबाई नगर के पुल के पास दो युवकों ने कार से बाइक सटाकर महिला पर छींटाकशी के बाद छेड़छाड़ कर दी। कार में मौजूद उसके पति और देवर ने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने बाइक अड़ाकर कार रोक ली। जिसके बाद दबंगई दिखाते हुए पति और भाई को कार से खींचकर सड़क पर डालकर पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों को जब पीड़ितों ने आपबीती बताई तो लोगोंने दोनों युवकों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। कमेला चौकी प्रभारी महेंद्र पाल मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर चौकी पर ले गए। लोगों की भीड़ भी चौकी पर पहुंच गई और आरोपियों को सबक सिखाने की मांग करने लगी। बाद में दोनों आरोपियों को नौचंदी थाने लाया गया। इंस्पेक्टर नौचंदी धीरज शुक्ला के अनुसार मामला साइड न देने पर मारपीट का लग रहा है। लेकिन पीड़ित पक्ष ने छेड़खानी की तहरीर दी है। जिसके आधार पर वसीम और अब्दुल्ला निवासी जाकिर कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पढ़ें : भाजपा नेता की बेटी से सरेआम छेड़छाड़, अपहरण की कोशिश