शिवलिंग और नंदी पर गंदगी डालकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास
मवाना। शाहपुर-बटावली नहर पुल पर स्थित शिव मंदिर के शिवलिंग व नंदी पर 11 दिन में दूसरी बार गंदगी डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। सूचना पर पहुंचे खेत मालिक कृपाल सिंह ने गंदगी को साफ किया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
बटावली नहर पुल पर स्थित किसान कृपाल के खेत में 10 अगस्त को शिवलिंग व नंदी को उखाड़कर मूर्ति खंडित कर दी थी। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया था तथा हरिद्वार से नई मूर्ति लाकर स्थापित की थी। हालांकि बजरंग दल में हिंदू संगठनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। 11 दिन बाद पुन: शनिवार सुबह शिवलिंग व नंदी पर गंदगी डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही सीडीआर निकलवाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर संगीन धाराओं में जेल भेजा जाएगा।