मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में रविवार रात मस्जिद में मीटिंग के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोपी पक्ष के युवकों ने तमंचे की बट और चाकू से हमला बोलकर दो लोगों को घायल कर दिया। मस्जिद के बाहर तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना के बाद हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए।
करीमनगर में रात करीब नौ बजे मस्जिद में मीटिंग चल रही थी। जिसमें हाजी इरशाद और हाजी सईद और अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि करीमनगर निवासी एक युवक से विवाद हो गया। जिसके बाद युवक ने गाली-गलौच कर भुगतने की धमकी दे दी। अन्य लोगों ने बीच बचाव करा दिया। कुछ देर में आरोपी युवक अपने भाई और अन्य युवकों के साथ पहुंचा। आरोप है कि इन युवकों ने हाजी सईद और इरशाद पर हमला बोलकर घायल कर दिया। मस्जिद के बाहर तमंचे से फायरिंग कर दी।
सूचना पर सीओ सिविल लाइन और इंस्पेक्टर नौचंदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।
बाहरी लोग करते हैं दबंगई
इंस्पेक्टर नौचंदी धीरज शुक्ला का कहना है कि मस्जिद में मारपीट और बाहर निकलकर फायरिंग के मामले में रिजवान, जिशान के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित पक्ष ने शिकायत में कहा कि कुछ बाहरी लोग मस्जिद में आकर दबाव बनाने के लिए दबंगई करते हैं। मस्जिद में मीटिंग के मामलों में भी हस्तक्षेप करते हैं। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि मेवात और अन्य जगह के लोग भी आते हैं। इस मामले में पीड़ित पक्ष के लोगों ने एसएसपी से भी शिकायत करने की बात कही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/