मेरठ। पांच-छह युवकों ने शनिवार सुबह मोबाइल की दुकान में घुसकर व्यापारी से मारपीट कर दी तथा नकदी लूट कर ली। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। वहीं, व्यापारियों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
हापुड़ अड्डा स्थित नंदन सिनेमा के सामने प्रह्लाद नगर निवासी सुमित पुत्र जोगेंद्र नागपाल की मोबाइल शॉप है। सुमित सुबह में अपने भाई सौरव के साथ दुकान पर पहुंचे। वहां शाहिद निवासी गोकुलपुर ने ऑटो खड़ा कर रखा था। सुमित ने शाहिद से दुकान के सामने से ऑटो हटाने के लिए कहा। आरोप है कि शाहिद ने अभद्रता कर भुगत लेने की धमकी दी। शाहिद थोड़ी देर बाद पांच-छह युवकों के साथ पहुंचा। उन्होंने दुकान में घुसकर सुमित एवं भाई सौरव की जमकर पिटाई की तथा पांच हजार रुपये एवं सोने की चेन लूट ली। इस दौरान आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी व्यापारी पहुंचे और हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर सुमित एवं सौरव ने शाहिद को दबोच लिया। नौचंदी पुलिस ने शाहिद को हिरासत में ले लिया। वहीं, सुमित ने शाहिद और उसके अन्य साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।
उधर, व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं, मेरठ व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष जीतू नागपाल, शैंकी वर्मा समेत कई व्यापारी नेता देररात एसएसपी आवास पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर आक्रोश जताया। चेतावनी दी कि यदि नौचंदी पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो व्यापारी सड़कों पर आंदोलन करेंगे।
वर्जन
एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।-अजय साहनी, एसएसपी