सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कालंद में उधार दिए 15 हजार रुपये वापस मांगने पर राजकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के हाथ का अंगूठा कट गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
कालंद गांव निवासी राजकुमार पुत्र कलीराम ने तहरीर में बताया कि डेढ़ महीने पहले उसने गांव निवासी युवक को 15 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोपी ने कुछ दिन बाद रुपये लौटाने का वादा किया था। वादे के अनुसार वह आरोपी पर तकादा कर रहा था। आरोपी ने बृहस्पतिवार को रुपये लौटाने के लिए उसे अपने घर बुलाया था। वह आरोपी के घर पहुंचा तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया और गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के हाथ का अंगूठा कट गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। परिजन घायल को लेकर थाना पहुंचे। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।