दौराला। सिवाया गांव में घर के बाहर खड़े प्रवीण पर बुधवार को पड़ोसियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर युवक को जान से मारने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
दौराला थाने पर दर्ज प्राथमिकी में मुनेंद्र कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल को उसका भाई प्रवीण कुमार घर के दरवाजे पर खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। आरोप है कि तभी पड़ोसी सुमित और उसका भाई राहुल वहां पहुंचे और धारदार हथियार से प्रवीण के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि सुमित तमंचा लेकर आया और फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। प्रवीण को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।