एटीएस के सिपाही ने की हर्ष फायरिंग, ग्रामीणों में दहशत
दौराला। बफावत गांव में रविवार देर रात एटीएस के सिपाही ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की। जिस कारण ग्रामीणों मेें दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने सिपाही को हिरासत में ले लिया।
बागपत के रमाला थाना के गांव कासमपुर निवासी सिपाही मनेंद्र मेरठ में एटीएस में तैनात है। सिपाही की बफावत गांव में रिश्तेदारी है। वह 20 अप्रैल से छुट्टी पर है। रविवार को मनेंद्र बफावत गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया था। रात में सिपाही ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और वह अपने घरों में दुबक गए। ग्रामीणों को लगा कि चुनाव को लेकर झगड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सिपाही को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पिस्टल कब्जे में लेते हुए सिपाही को थाने से जमानत दे दी है।