आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) कमांडो ट्रेनिंग सेंटर के बनने का रास्ता साफ हो गया है। एमएसएमई विभाग की लगभग एक एकड़ भूमि एटीएस को प्रदान किए जाने की मंजूरी कैबिनेट में हो गई है। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि दिसंबर के अंत तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शिलान्यास करने देवबंद पहुंचेंगे।
जनपद में संदिग्धों पर नजर रखने व संदिग्ध गतिविधियां रोकने को देवबंद में एटीएस की इकाई स्थापित किए जाने को हरी झंडी मिल गई है। रेलवे रोड स्थित राजकीय पायलट वर्कशॉप को कमांडो ट्रेनिंग सेंटर के लिए चुना गया है। भूमि के ट्रांसफर न होने के कारण इसका कार्य अधर में लटका हुआ था।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा देवबंद पहुंचकर इसका शिलान्यास करने का कार्यक्रम भी नहीं हो सका था, लेकिन अब भूमि ट्रांसफर होने के बाद इसका रास्ता साफ हो गया है। एटीएस सेंटर स्थापित होने से जनपद में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा।
क्षेत्रीय विधायक कुंवर बृजेश सिंह का कहना है कि भूमि ट्रांसफर होना सर्कुलेशन का एक हिस्सा था। जिसे पूरा कर लिया गया है। जल्द ही यहां निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवबंद पहुंचकर इसका शिलान्यास करेंगे।