मेरठ के एमआईईटी संस्थान में चल रहे रंगोत्सव समारोह के दूसरे दिन युवा कलाकारों ने नेलआर्ट, टैटू, टी-शर्ट पेंटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाया। इंजीनियरिंग के छात्रों ने लाल, हरी, आड़ी तिरछी रेखाएं खींचकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
रविवार को कैलीग्राफी, कैसल मेकिंग, टैटू आर्ट, टी-शर्ट पेंटिंग, नेल आर्ट आदि प्रतियोगिताएं हुईं। 2 दिन में 16 प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें 450 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। एमआईईटी के अलावा सुभारती विश्वविद्यालय, विद्या नॉलेज पार्क, आईआईएमटी, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, केआईईटी गाजियाबाद के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया। हाथों से फिसलती रेत को कारीगरी से सजाकर दुनिया भर में मशहूर हुए सुदर्शन पटनायक को रंगोत्सव में युवाओं ने फॉलो किया। प्रतियोगिता में कैसल मेकिंग, रेत से मॉडल बनाओ प्रतियोगिता हुई। प्रतिभागियों ने 15 मिनट में रेत से महल खड़ा कर दिया। समूह में हुई प्रतियोगिता में गीली रेत से मॉडल बनाया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे अभियान स्वच्छ भारत मिशन का आइना टीशर्ट बनी। रंगोत्सव में छात्रों ने स्वच्छता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने फैब्रिक कलर से टी-शर्ट पर चित्रकारी सजाई। इस मौके पर रजत पांडे, रोमू तिवारी, मेहुल, आलोक व सक्षम ने सहयोग दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/