पुलिस के अनुसार, 11 अक्तूबर को तारापुर एन्क्लेव और 15 जुलाई को विक्रम बत्रा एन्क्लेव में चोरी की वारदातें हुई थीं। इन घटनाओं में वादी मेजर निशिथ पालीवाल और लेफ्टिनेंट कर्नल रणदीप ने सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के आभूषण, नकदी, दो मोबाइल फोन, एक कार, सोने के कड़े, चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मेरठ, मध्यप्रदेश, जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ कैंट नवीना शुक्ला के अनुसार, राजेश 2013 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। लेकिन 2023 में ड्यूटी छोड़कर वह भाग गया और तब से लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। अंबाला पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।