हथियारबंद बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक से नकदी व मोबाइल लूटा
खरखौदा। बाइक सवार हथियारबंद दो बदमाशों ने शुक्रवार शाम फफूंडा बाईपास पर ई-रिक्शा चालक से नकदी और मोबाइल लूट लिया। सिम लॉक होने के कारण बदमाश मोबाइल वहीं फेंक गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। पीड़ित थाने के चक्कर काट रहा है।
क्षेत्र के गांव कूड़ी निवासी देवा पुत्र जयप्रकाश ई-रिक्शा चलाता है। शुक्रवार को वह अपने गांव के ही पंकज पुत्र महकार व हरिओम पुत्र बेदराम को ई-रिक्शा में लेकर गांव अल्लीपुर गया था। लौटने वक्त भी दोनों सवारियां ई-रिक्शा में बैठी थी। जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग 334 पर फफूंड़ा बाईपास पर पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार दिखाते हुए ओवरटेक कर उनकी ई-रिक्शा को रोक लिया। बदमाश देवा से एक मोबाइल व चार हजार की नकदी लूट ले गए।
देवा के अनुसार, मोबाइल इंश्योर्ड होने के कारण मोबाइल में केवल उसका ही सिम चल सकता था। बदमाशों ने मोबाइल को खोलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं खुला तो वह उसे मौके पर ही फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर बिजली बंबा व खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी लेकिन अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उससे कहा कि मोबाइल तो मिल ही गया है, अब रिपोर्ट कैसी। पीड़ित दो दिन से थाने के चक्कर काट रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शर्मा का कहना है कि इस मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।