यूपी में लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमें में फेरबदल शुरू हो गए हैं। कुश्ती में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धाक जमाने वाले सीओ अनुज चौधरी का बागपत तबादला किया गया है। उन्होंने पुलिस लाइन में आमद करा दी है। इसके अलावा सीओ ओमपाल सिंह ने भी आमद कराई है। जिला स्तर पर एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बड़ौत कोतवाली समेत तीन थाना प्रभारियों का फेरबदल किया है।
एसपी ने बताया कि इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह को बड़ौत कोतवाली प्रभारी बनाया गया है। यहां से इंस्पेक्टर संजीव कुमार को हटाकर खेकड़ा थाने का चार्ज दिया है। खेकड़ा थानाध्यक्ष उमेश रोरिया को चांदीनगर थानाध्यक्ष बनाया गया। चांदीनगर थाने से हटाकर एसओ चितवन कुमार को पीआरओ का कार्यभार सौंपा।
इसके अलावा जिले में दो सीओ भी ट्रांसफर किए गए हैं। अलीगढ़ के सीओ अनुज चौधरी को बागपत भेजा गया है। अनुज अंतरराष्ट्रीय पहलवान रहे हैं और दिल्ली कॉमनवेल्थ में भी देश को रजत पदक दिलाया था।
मुजफ्फरनगर के रहने वाले सीओ अनुज चौधरी के साथ पुलिस सेवा में आने के बाद कई विवाद में भी जुड़ते रहे हैं। कुशीनगर के सीओ ओमपाल सिंह का तबादला भी बागपत हुआ है। दोनों सीओ ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आमद दर्ज करा दी। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि जल्द ही दोनों को तैनाती दी जाएगी।
अर्जुन अवार्ड के लिए धरने पर बैठ गए थे अनुज
अर्जुन अवार्ड नहीं दिए जाने से खफा अनुज चौधरी दिल्ली के जंतर मंतर पर धरने पर भी बैठ गए थे। तत्कालीन खेल मंत्री सुनील दत्त ने खुद धरने पर पहुंचकर उनका अनशन तुड़वाया और अगले वर्ष उन्हें अर्जुन अवार्ड दिया गया था।
गोरखपुर से नाता, प्रो कुश्ती लगी के ब्रांड एंबेसेडर
पहलवान अनुज चौधरी मुजफ्फरनगर के बझेड़ी गांव के रहने वाले हैं। दंगल से गोरखपुर हॉस्टल तक का सफर तय कर कुश्ती का कहकहा सीखा। 84 किलोग्राम भार वर्ग में वह दस साल तक राष्ट्रीय चैंपियन रहे। प्रो कुश्ती लीग के वह ब्रांड एंबेसेडर रहे हैं, इसके अलावा उन्हें मॉडलिंग का शौक है।