संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में एमए एवं बीए (ऑनर्स) के उत्तीर्ण हो रहे विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के साथ वर्तमान विद्यार्थी, शोधार्थी और संकाय सदस्य भी शामिल हुए। समारोह में एमए वर्ग से अंशिका यादव को मिस फेयरवेल और अनिकेत चौहान को मिस्टर फेयरवेल चुना गया। वहीं बीए (ऑनर्स) वर्ग में गुरलीन को मिस फेयरवेल और मनीष कुमार को मिस्टर फेयरवेल का खिताब मिला।
विभागाध्यक्ष प्रो. आरके शर्मा ने विद्यार्थियों को सफल शैक्षणिक सफर के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवनभर सीखते रहें और अपने ज्ञान का उपयोग समाज के हित में करें। प्रो. आतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को समाज और अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सपना जैन और डॉ. रूपेश त्यागी ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, कविता, खेल और स्टैंड-अप कॉमेडी प्रस्तुत कर रंग जमाया। पासिंग आउट विद्यार्थियों द्वारा तैयार वीडियो प्रस्तुतीकरण आकर्षक रहा। इसमें उनके अध्ययन अनुभव, स्टडी टूर और विभिन्न गतिविधियों की झलकियां दिखाई गईं।