अमित त्यागी हॉकी क्लब का ट्रॉफी पर कब्जा
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आयोजित प्रथम अमित त्यागी मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। अमित त्यागी हॉकी क्लब ने लखनऊ को रोमांचक मुकाबले में 5-4 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में लखनऊ की ओर से जूनियर भारतीय टीम के सदस्य शिवम आनंद खेले।
सोमवार को हॉकी प्रतियोगिता में दो सेेमीफाइनल व फाइनल सहित कुल तीन मैच खेले गये। जिसमें पहला सेमीफाइनल मैच में गाजियाबाद हॉकी क्लब व अमित त्यागी हॉकी क्लब के बीच खेला गया। अमित त्यागी हॉकी क्लब ने गाजियाबाद को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में लखनऊ केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने हरियाणा के हॉकी क्लब शाहबाद को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में लखनऊ केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम व अमित त्यागी हॉकी क्लब के बीच मैच हुआ। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में अमित त्यागी हॉकी क्लब ने लखनऊ को 5-4 के अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। विजेता व उपविजेता टीमों को मुख्यातिथि डा. वीरोत्तम तोमर, वीरेंद्र सिंह व परवीन शर्मा ने ट्रॉफी भेंट की। आयोजक सचिव विकास चौधरी ने बताया पूर्व हॉकी खिलाड़ी स्व. अमित त्यागी की याद में प्रति वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन होगा। निर्णायक भूमिका में सुशील राजौरिया, पुष्कर नेगी, शेरखां, रोहित, नीरज, नवदीप रहे।इस दौरान विकास चौधरी, भूपेंद्र सिंह रावत, सुखप्रीत सिंह मौजूद रहे।
यूपी में खिलाड़ियों की अनदेखी : शिवम आनंद
मेरठ। जूनियर भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी शिवम आनंद ने यूपी सरकार पर अनदेखी करने का आरोप लगाया। झांसी निवासी शिवम आनंद सोमवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में लखनऊ की टीम की ओर से खेले। उन्होंने कहा यूपी के अलावा हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के लिये भरपूर राशि दी जाती है। लेकिन यूपी में हॉकी ही नहीं सभी खेलों को अनदेखा किया जाता है। 19 वर्षीय शिवम आनंद थाइलैंड में आयोजित यूथ ओलंपिक क्वालीफायर में स्वर्ण पदक, एशिया कप में स्वर्ण पदक, यूथ ओलंपिक गेम्स व आठवीं नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राष्ट्रीय खेल होने के नाते हॉकी को बढ़ावा देने के लिये सरकारों को उचित कदम उठाने चाहिए।