खरखौदा में केसी त्यागी को प्रतीक चिन्ह देते हुए (संवाद)
खरखौदा (मेरठ)। अमेरिका पूरे विश्व समुदाय को आर्थिक दबाव में लेना चाहता है। पाकिस्तान को छोड़कर भारत को अपने पड़ोसी मुल्कों से और अच्छे रिश्ते बनाने चाहिए। यह बात पूर्व सांसद एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्य सलाहकार व जदयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने कही। वह बुधवार को कस्बे में भाजपा नेता राजकुमार त्यागी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने आपरेशन सिंदूर पर प्रकाश डालते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधा।
केसी त्यागी ने कहा कि अमेरिका पिछले काफी समय से अपनी जीएम फसलों मक्का व सोयाबीन को जबरन भारत में भेजने का दबाव बना रहा है। इसका भारत सरकार व पार्लियामेंट दोनों ने विरोध किया है, लेकिन अमेरिका लगातार दबाव डाल रहा है। पाकिस्तान को छोड़कर भारत को अपने पड़ोसी देश चीन, सोवियत संघ रूस, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका आदि देशों से और अच्छे रिश्ते बनाने चाहिए, जिससे अमेरिका का दबाव कम हो। चीन के साथ रिश्ते सुधरें, इसका प्रयास करना चाहिए। चीन को भी बड़प्पन दिखाते हुए भारत की पहले जो जमीन अपने कब्जे में ली थी, उसे वापस करना चाहिए। मिशन सिंदूर को लेकर संसद सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कही गई बात का समर्थन किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता प्रधानमंत्री पर भरोसा कर रही है, लेकिन विपक्ष प्रधानमंत्री पर भरोसा न करके दूसरे देशों के नेताओं पर विश्वास कर रहा है।
इस मौके पर सुरेंद्र त्यागी, अजय त्यागी, पर प्रबोध शास्त्री, सुनील त्यागी, रामकुमार शर्मा, बाबू नरेश चंद, कपिल त्यागी, दीपक त्यागी व भास्कर त्यागी सहित कई लोग मौजूद रहे।