ग्रामीणों ने कमिश्नर और मंत्री से लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। कैली गांव में खाद के गड्ढों के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और चारदीवारी निर्माण का मामला फिर से गरमा गया है। ग्रामीणों ने मेरठ मंडलायुक्त और मंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश के पंचायतीराज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मेरठ को पत्र भेजकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गांव कैली निवासी शमशाद ने मंडलायुक्त और मंत्री ओमप्रकाश राजभर को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव की खाद के गड्ढों की भूमि के रूप में दर्ज है, पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2013 में अदालत ने इस भूमि पर कब्जा न करने और ग्रामीणों को खाद डालने में बाधा न पहुंचाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद भूमि की चारदीवारी शुरू कर दी गई है।मामले में मंडलायुक्त कार्यालय से भी संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने ग्राम प्रधान को आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराकर शांति व्यवस्था बनाए रखने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी भूमि पर कब्जे का खतरा बढ़ सकता है।