त्योहारों पर अलर्ट, कैंट में चेकिंग के लिए निकली पुलिस
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को देखते हुए लालकुर्ती पुलिस ने कैंट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। बम और डाग स्क्वायड दस्ते के साथ होटल, रेस्टोरेंट में छानबीन की। लखनऊ में आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद से हाईअलर्ट जारी है।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए हैं। लालकुर्ती पुलिस ने बम और डाग स्क्वायड के साथ कैंट के कई इलाकों को खंगाला। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को हिदायत दी कि वह अपने यहां आने वाले हर व्यक्ति का विवरण दर्ज करें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि मिलने पर पुलिस को सूचना दें। चेकिंग के दौरान लालकुर्ती क्षेत्र में टीम ने एक रोडवेज बस को भी रुकवा लिया। टीम के सदस्य बस में चढ़ गए और तलाशी शुरू कर दी।
इसी दौरान एक युवक को पूछताछ के लिए खड़ा किया गया। पहचान पत्र मांगने पर पुलिस से नोकझोंक हुई। पुलिस उसे बस से नीचे उतार लिया। इंस्पेक्टर ने युवक को अभियान की जानकारी दी, जिस पर युवक ने पहचानपत्र दिखाया। इस दौरान खुफिया एजेंसियों की टीमें भी अभियान में मौजूद रहीं।
स्वंतत्रता दिवस व त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी क्षेत्राधिकारियों को विशेष जिम्मा सौंपा गया है। एक रोस्टर जारी किया गया है, जिसके अनुसार सीओ प्रतिदिन शाम छह बजे से साढ़े सात बजे तक विशेष अभियान चलाएंगे। इस दौरान थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, बीट कर्मचारी भी साथ मौजूद होंगे। संदिग्ध लोगों की तलाशी के साथ-साथ वह अपराधियों के घरों पर तलाशी अभियान चलाएंगे। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि 31 अगस्त तक का कार्यक्रम जारी हुआ है, जिसमें सभी सीओ को जिम्मेदारी दी गई है।