शहर में नो एंट्री में भारी वाहन घुसा तो अब थानेदारों पर कार्रवाई होगी। मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने निर्देश दिये हैं कि थानेदार प्वाइंट बनाकर चेकिंग करे, भारी वाहन सीज करके थानों में खडे़ करें या पुलिस लाइन भेजें। नो एंट्री में भारी वाहन नहीं आने दिये जायेंगे। लोगों को जाम से मुक्ति दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। दिल्ली रोड पर भारी वाहन बंद होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली । उधर, ट्रांसपोर्टरों ने 20 जनवरी को चक्का जाम करने की चेतावनी दी हुई है।
भारी वाहनों को रोकने के लिए एसपी ट्रैफिक ने 22 प्वाइंट बनाए है। जहां पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाने की पुलिस भारी वाहनों पर कार्रवाई करेगी। एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि अगर नोएंट्री में भारी वाहन दिखाई दिया तो वहां के थानेदार पर कार्रवाई होगी। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर कोई भी जबरदस्ती करता है कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाये। एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक भी भारी वाहनों पर शिकंजा कसें। दिल्ली रोड व बागपत रोड पर जाम की स्थिति खराब है। जिसके चलते पुलिस भारी वाहनों को जाम लगाने की इजाजत नहीं देगी। डिवाइडर पर गलत तरीके से बने कट भी बंद कराने की बात एडीजी ने एसएसपी से कही।
काले झंडे लगाकर करेंगे विरोध
महावीर ट्रांसपोर्ट में बुधवार को ट्रांसपोर्टरों की मीटिंग हुई। जिसकी अध्यक्षता उदयवीर सिंह व संचालक सुरेंद्र शर्मा ने किया। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों ने फैसला लिया है कि बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्टर दुकानों पर काले झंडे लगाकर भारी वाहनों को जबरन रोकने का विरोध करेंगे। ट्रैफिक कार्यालय में पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। 20 जनवरी को टीपीनगर थाने में धरना प्रदर्शन कर चक्का जाम करेंगे। शिवम विनायक, राकेश विज, नीरज, राजू शर्मा, अनुपम माहेश्वरी, वरुण छुनेजा, पंकज, दीपक गांधी, मनोज शर्मा आदि बैठक में मौजूद रहे।