संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र के नानू गांव की एक युवती ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो का दुरुपयोग करते हुए उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली है। आरोप है कि इस आईडी से अश्लील वीडियो और फोटो अपलोड किए जा रहे हैं। युवती का कहना है कि संबंधित आईडी से उसे इंस्टाग्राम के माध्यम से कॉल भी की जाती है, लेकिन कॉल उठाने पर कोई बातचीत नहीं की जाती। इस कारण गांव और परिचितों के बीच उसकी छवि खराब हो रही है और वह मानसिक तनाव का सामना कर रही है। पीड़िता ने तहरीर में संबंधित आईडी का उल्लेख करते हुए आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि साइबर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।