मेरठ। मृतकों के नाम पर फर्जी बीमा पॉलिसी बनाने के आरोप का मामला सामने आया है। एक एजेंट ने कंपनी के एजेंटों व मैनेजर पर आरोप लगाते हुए सोमवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की की मांग की है। कृष्णनगर निवासी दीपक का आरोप है एक बड़ी बीमा कंपनी के एजेंट व मैनेजर मृतक व्यक्तियों के नाम पर फर्जी बीमा पॉलिसी बनवाने का काम करते हैं। यह लोग एक अंतरराज्यीय बीमा फ्रॉड गिरोह से जुड़े हैं। आरोपी फर्जी हस्ताक्षर कर एजेंट कोड और बीमा पॉलिसी बना लेते हैं। फर्जी दस्तावेजों के जरिए क्लेम की राशि हड़प लेते हैं। इनका नेटवर्क मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर व अलीगढ़ समेत कई जिलों में फैला हुआ है। इन्होंने अब तक करोड़ों की धोखाधड़ी की है। एसएसपी विपिन ताडा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को जांच के बाद कार्रवाई का आदेश दिया है।
-
फायरिंग का आरोप
मेरठ। इंचौली थाना क्षेत्र के गांव मीठेपुर निवासी आकिब ने एसएसपी कार्यालय पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के अंदर दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। एक पक्ष ने लावड़ चौकी पर तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के कुछ देर बाद उसको छोड़ दिया था। इसी रंजिश में 11 सितंबर को आरोपी उसके घर पर आए और गाली-गलौज की। अगले दिन वह गांव से पशु पैंठ जा रहा था। तभी रास्ते में तीनों आरोपियों ने उसे घेर लिया व तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे वह बच गया और जान बचाकर पुलिस चौकी पर पहुंच गया। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।