मोदीपुरम। मोदीपुरम स्थित एक कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार को बिल्डरों पर गलत तरीके से सोसाइटी बनाने व विद्युत आपूर्ति में धांधली कर राजस्व की चोरी करने का आरोप लगाया है।इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई जिस पर अधिकारी जांच करने पहुंचे।
मोदीपुरम स्थित एटूजेड कॉलोनी निवासी विनोद गुप्ता, अर्चना सिरोही, नरेंद्र सिंह, रीना चौधरी, ब्रजपाल, विनीत आदि ने बताया कि एटूजेड कॉलोनी में कई कंपनी मिलकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस कॉलोनी की रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी का गठन किया गया, जो डिप्टी रजिस्टार फर्म्स सोसाइटी व चिट्स मेरठ में पंजीकृत है। परंतु इस सोसाइटी का गठन गलत तरीके से किया गया है। आरोप है कि बिल्डरों ने इस सोसाइटी में अपने लोगों को पदाधिकारी बनाया है। वहीं विद्युत आपूर्ति में भी धांधली कर राजस्व की चोरी की जा रही है। मनमाने ढंग से बिलों की वसूली की जा रही है। इसकी शिकायत लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की। शिकायत के बाद विजीलेंस की टीम ने जांच भी की। लोगों की मांग है कि उन्हें अलग कनेक्शन दिए जाएं और मनमाने ढंग से बिल की वसूली बंद की जाए।