- मृत कटिया का पोस्टमार्टम कराया, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला मुन्नालाल निवासी तालिब ने थाने में दी तहरीर में दो नामजद व एक अज्ञात पर उसके पशुओं को जहर देने का आरोप लगाया है। आरोपियों पर फायर करने का भी आरोप है। जहर से एक कटिया की मौत हो गई, जबकि दो भैंस और दो गाय की तबीयत खराब है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी तालिब ने तहरीर में बताया कि उसने घेर में दो भैंस, दो गाय व एक कटिया पाल रखी है। 28 जून की रात मोहल्ला निवासी दो सगे भाई व एक अज्ञात ने जहर दे दिया। पशुओं के पास हो रही आवाज को सुनकर वह मौके पर पहुंचा तो पाया कि आरोपी पशुओं को जहर दे रहे हैं। ऐसा करने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने तमंचे से फायर किया और पीछा करने पर गोली मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पशुओं के चारे में सफेद पुडिया पड़ी मिली, जिसमें कोई जहरीला पदार्थ था। जहर से एक कटिया की मौत हो गई। जबकि शेष पशुओं की हालत गंभीर है। आरोपी पहले भी पशुओं को जहर दे चुके हैं।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि मृत कटिया का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।