संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। खरखौदा-कोल संपर्क मार्ग पर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के समीप स्कूल बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद आरोपी चालक बस मौके से लेकर भाग गया था। पुलिस ने राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर जांच कर बस को कब्जे में ले लिया है लेकिन चालक अभी भी फरार है।
हादसे में बाइक सवार गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव त्यौडी निवासी 11वीं के छात्र सुहैल व फैजान की मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक घटना के बाद कुछ समय तक वहां रुका लेकिन दोनों की मौत होने पर चालक बस लेकर वहां से भाग निकला था। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने उस समय बस का वीडियो बना लिया था। उसी के आधार पर मृतक पक्ष की ओर से क्षेत्र के गांव कैली स्थित बीआर इंटरनेशनल स्कूल की बस संख्या के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया।
दोनों किशोरों के शवों का बृहस्पतिवार रात में ही पोस्टमार्टम हो गया था, जिसमें सुहैल के शव का रात्रि में ही दफीना कर दिया, जबकि फैजान के शव का शुक्रवार को दफीना किया गया। जानकारी के बाद पता चला कि मृतक फैजान का बड़ा भाई अपने परिवार के साथ अलग रहता है। फैजान अपने पिता के साथ कामकाज में हाथ बंटाता था।