बिजली बंबा बाईपास पर शनिवार शाम बेकाबू महिंद्रा पिकअप गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें दिल्ली निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी एक बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद गाड़ी सड़क किनारे खाई में जा गिरी। मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी दानिश (32) फूलों की खरीदारी का काम करता था। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह बाइक से करीब छह वर्षीय शबनूर को गेसूपुर गांव में रिश्तेदारी के यहां छोड़ने जा रहा था। जुर्रानपुर फाटक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप गाड़ी ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक सवार को कुचलती हुई सड़क किनारे खाई में पलट गई। जबकि शबनूर सड़क किनारे जा गिरी।
सूचना पर परतापुर एसओ राकेश यादव मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को हापुड़ रोड स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। एसओ परतापुर का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।