सरधना। मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब घरेलू कलह से परेशान एक युवक गंगनहर में कूद गया। सौभाग्यवश पास में कांवड़ ड्यूटी पर तैनात गोताखोर ने स्थिति को भांपते ही तुरंत नहर में छलांग लगा दी और युवक को कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया। युवक की पहचान दौराला निवासी दीपक पुत्र महक सिंह के रूप में हुई है।
मंगलवार सुबह दीपक कंधे पर बैग टांगकर सरधना गंगनहर पुल पर पहुंचा। वह काफी देर तक पुल के आसपास टहलता रहा और फिर पुराने पुल पर जाकर अपना बैग नीचे रख दिया। इसके बाद वह अचानक नहर में कूद गया। पास में ही कांवड़ ड्यूटी पर तैनात गोताखोर सुक्के की नजर दीपक पर पड़ी। बिना देर किए सुक्के ने नहर में छलांग लगा दी और करीब 100 मीटर दूर जाकर उसे गंगनहर से बाहर निकाल लाया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सरधना पुल चौकी पुलिस ने दीपक को अपने पास बैठाया और उससे पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह दौराला क्षेत्र के गांव अझौता का निवासी है। घरेलू कलह से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया था। पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। कुछ समय बाद परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद युवक को उनकी सुपुर्दगी में सौंप दिया।