शादी करने के लिए एक युवक सीआरपीएफ का फर्जी दरोगा बन गया। आरोपी ने युवती पर शादी का दबाव बनाने के लिए वर्दी में अपने फोटो भेजे। इसके बाद भी युवती तैयार नहीं हुई तो वह उसे परेशान करने लगा। पीड़िता के शिकायत करने पर साइबर सेल टीम ने जांच के बाद आरोपी सुमित भाटी उर्फ सुमित गुर्जर पुत्र सुशील कुमार निवासी जलालपुर, इंचौली हाल पता कांशीराम योजना, गंगानगर को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गंगानगर मेरठ निवासी एक युवती ने महीने भर पहले आरोपी सुमित पर शादी का दबाव बनाने की शिकायत की थी। उसके अनुसार, आरोपी खुद को सीआरपीएफ में एसआई बता रहा था। उसने शादी का विरोध किया तो बहन की फेसबुक आईडी पर वर्दी में अपने फोटो भेजकर परेशान करने लगा। आरोपी ने फोन पर कई बार जान से मारने की धमकी भी दी। युवक अश्लील भाषा और अपशब्दों का भी प्रयोग करता था। जांच में साइबर सेल टीम को पता चला कि आरोपी 12वीं पास है। वह सीआरपीएफ में भर्ती भी देख चुका है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से पुलिस की बेल्ट, वर्दी, जूते सफेद धातु के स्टार बरामद हुए हैं। एसओ गंगानगर रवि चंद्रवाल ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/