सरधना (मेरठ)। नानू गंगनहर पुल के पास मेरठ-करनाल हाईवे पर सोमवार की सुबह ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। ट्रक व क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। कार चालक ने तहरीर दी है।
गाजियाबाद के थाना मसूरी के गांव इंद्रगढ़ी निवासी अजहर पुत्र फारूख ने बताया कि वह अपने साढू फिरोज पुत्र इकबाल निवासी दिल्ली हर्ष विहार के साथ कार में सवार होकर मुजफ्फरनगर से अपने गांव लौट रहा था। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे वह मेरठ-करनाल हाईवे के नानू गंगनहर पुल के पास पहुंचे तो शामली की तरफ से तेजगति में आ रहे ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क हादसे में अजहर व फिरोज को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने दोनों को सीएचसी सरधना में भर्ती कराया। जहां से फिरोज की हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, घटना के बाद भागते समय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया था। अजहर ने ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी।