परीक्षितगढ़/मवाना/सरधना(मेरठ)। कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को परीक्षितगढ़, मवाना, सरधना में दंपती उसका पुत्र सहित सात लोग संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग ने अगवानपुर गांव के तीन मोहल्लों को सील कर दिए। अधिकारियों के मुताबिक जांच करने की मात्रा लगातार बढ़ाई जा रही है।
परीक्षितगढ़ के अगवानपुर गांव में एंटीजन किट से की गईं जांच में दपंती व उनका पुत्र कोरोना पॉजिटिव मिला। जिसके बाद तीन मोहल्लों को पूरी तरह सील कर दिया गया। अब गांव में कुल संक्रमितों की संख्या छह हो गई है। मवाना सीएचसी में 13 लोगों की जांच की गई। जिसमें मोहल्ला मुन्नालाल निवासी एक व्यक्ति संक्रमित मिला।
सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर के उक्त व्यक्ति की सर्जरी होनी थी। उससे पहले उसने कोरोना जांच कराई थी। जिसमें वह संक्रमित मिला। अब उसे मेरठ भेजा गया है। सरधना सीएचसी प्रभारी डॉ राजेश कुमार ने बताया कि संक्रमण बढ़ रहा है। 50 लोगों की जांच में तीन संक्रमित मिले। जिनमें एक खेड़ा, दूसरा मोहल्ला बूढ़ा बाबा और तीसरा पल्लवपुरम निवासी युवक है। सरधना में अभी तक कुल संक्रमित 27 हैं।