मेरठ। लालकुर्ती पुलिस ने शनिवार रात सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह के एक सदस्य जसंवत निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। इसके साथियों की तलाश की जा रही है।
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया की राजस्थान निवासी शक्ति सिंह ने सेना में भर्ती कराने के नाम पर वेस्ट यूपी में एक गैंग बना रखा है। इसमें मेरठ, बड़ौत, गाजियाबाद व बुलंदशहर में अपने गैंग के सदस्य छोड़ रखे हैं। इन दिनों मेरठ में प्रादेशिक सेना की भर्ती चल रही है। बुलदंशहर निवासी आरोपी जसवंत अपने भतीजे तुषार व उसके दोस्त सूरज, सुशील शर्मा, सौरभ शर्मा व प्रमोद कुमार को भर्ती कराने के लिए लाया था। आरोपी ने भर्ती कराने के झांसा देकर एक युवक से 60 हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये की मांग करता था।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम पुलिस इसकी सूचना मिली। पुलिस ने भर्ती केंद्र के पास से आरोपी जसवंत को पकड़ लिया। पुलिस उसे थाने गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एक युवक को भर्ती कराने के नाम पर 60 हजार रुपये लिए थे। 48 हजार रुपये ऑनलाइन गैंग के मुखिया को भेज दिए। जसवंत ने बताया कि गैंग का मुखिया राजस्थान निवासी शक्ति सिंह है। उनके गैंग में बागपत का बिट्टू पहलवान, सतपाल निवासी कंकरखेड़ा व विपिन निवासी सदरपुर भी हैं। सीओ कैंट का कहना है कि इन आरोपियों की तलाश की जा रही है। इन पर सदर थाने में पूर्व में भी सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठने की रिपोर्ट दर्ज है।