मवाना। कस्बे की साईधाम कॉलोनी निवासी अधिवक्ता पंकज कुमार धामा ने थाने में तहरीर देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव निलोहा निवासी एक व्यक्ति उनसे रंजिश रखता है और लगातार कॉल कर गोली मारने व गाड़ी छीनने की धमकी दे रहा है। परेशान होकर उन्होंने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया।
पीड़ित के अनुसार 6 मार्च को आरोपी अपने तीन साथियों के साथ उनके घर पहुंचा, जहां उनकी अनुपस्थिति में बच्चों से गाड़ी की चाबी मांगी और उन्हें धमकाया। बच्चों द्वारा चाबी देने से इन्कार करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया। इसके बाद शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे उक्त व्यक्ति फिर घर आया और गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले से प्राथमिकी दर्ज दर्ज हैं। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।