खरखौदा(मेरठ)। खंदावली में एक परिवार के तीन लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि चौथा संदिग्ध है। इसका दोबारा सैंपल भेजा गया था। पॉजिटिव मिलने के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम अन्य परिजनों की भी जांच करेगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सरोहा ने बताया कि खंदावली से एक परिवार के चार लोग पांच दिन पहले हापुड़ के गांव असौड़ा में रिश्तेदारी में बीमार वृद्ध महिला की देखने गए थे। बीमार महिला की हापुड़ की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच कराई तो महिला को कोरोना की पुष्टि र्हुई थी। इसके बाद विभाग ने चेन तलाश की तो खंदावली के परिवार के लोगों का पता चला। टीम ने इन चारों के सैंपल भेजे थे। रविवार को आई रिपोर्ट दो महिला, एक पुरुष कोरोना संक्रमित निकला, जबकि चौथा संदिग्ध मिलने पर सैंपल दोबारा भेजा गया। एक ही परिवार मेें तीन लोग पॉजिटिव मिलने पर गांव में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पॉजिटिव मिले लोगों को मेडिकल भेज दिया। सोमवार को टीम गांव पहुंचकर अन्य लोगों की जांच करेगी।
खंदावली में हो सकती है गंभीर स्थिति
खंदावली में पॉजिटिव मिले परिवार के दो अन्य लोग किराना की दुकान और दूध खरीदने का काम करते हैं। दुकान से गांव के काफी लोग सामान खरीदते हैं। वहीं दूसरा व्यक्ति भी कई घरों से दूध लेने जाता है। यदि इस परिवार के ये दोनों लोग भी पॉजिटिव मिले तो गांव में एक बड़ी चेन मिल सकती है। इससे गांव में दहशत है।