मेरठ। जल पुरुष राजेंद्र सिंह ने कहा है कि देश में पानी और पॉवर का संकट है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना होगा। पानी की एक-एक बूंद सहेजने से ही यह संकट खत्म हो सकता है। वह सोमवार को शताब्दीनगर सेक्टर-2 में विकास समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘जल है तो कल है’ में विचार व्यक्त कर रहे थे।
उन्होंने लोगों को पानी की उपयोगिता और इसकी कमी से होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही कहा कि समय रहते जनता नहीं जागी तो भविष्य में पानी को लेकर युद्ध जैसे हालात होंगे। गिरता भूजल स्तर बड़ी समस्या का संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तालाबों को कब्जा मुक्त करने और इनमें बारिश का पानी एकत्र करने के आदेश जारी किए हैं। लेकिन सरकारें इन्हें कब्जा मुक्त कराना तो दूर, चिह्नित करने का काम भी नहीं कर पा रही हैं।
गंगा के नाम पर बने तीन पीएम:
गंगा मिशन, नदी जोड़ो परियोजना पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में सही काम नहीं हो रहा है। नदी जोड़ो परियोजना सिर्फ ठेकेदारों को लाभ पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे देश में तीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी, मनमोहन सिंह और नरेंद्र मोदी गंगा मिशन पर बने हैं। मोदी की सरकार को 150 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नदी को नदी न समझकर कैनाल समझा जा रहा है, जो गलत है। इस दौरान शताब्दीनगर के परिवारों ने उन्हें पीने को मिल रहा गंदा पानी दिखाया। इस दौरान अपर आयुक्त अजय शंकर पांडेय और कार्यक्रम संयोजक मेजर डॉ. हिमांशु ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुहामा अहमद और संचालन धर्मवीर कटोच ने किया।