मेरठ। मेरठ-गोरखपुर कुश्ती हॉस्टल में सीट हासिल करने के लिए पहलवानों ने बृहस्पतिवार को हुए ट्रायल में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। विभिन्न भार वर्ग में हुए ट्रायल में खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। अब इनमें से 30 खिलाड़ियों का चयन कैंप के लिए होगा।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्टेट कुश्ती ट्रायल में 65 खिलाड़ियों का फिजिकल-मेडिकल हुआ। जिसमें से दस खिलाड़ी ओवर-ऐज पाए गए। सुबह छह बजे कुश्ती हॉल में खिलाड़ियों का ट्रायल शुरू हुआ। विभिन्न भार वर्ग में आगरा, बरेली, गोरखपुर, बनारस, इलाहाबाद, लखनऊ, अलीगढ़, मथुरा से आये खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को हैरान कर दिया। आरएसओ गोरखपुर अश्वनी कुमार सिंह, पीलीभीत क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह एवं क्रीड़ा अधिकारी कुशीनगर एसडीएस यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मेरिट तैयार की।
55 में से टॉप 30 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई। जो 11 जून से 25 जून तक लखनऊ में कैंप करेंगे। कैंप के अंत में फाइनल ट्रायल में 30 खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मेरिट तैयार होगी और मेरठ-गोरखपुर कुश्ती हॉस्टल में मौजूद सीट के आधार पर खिलाड़ियों का चयन होगा।