मेरठ। ईव्ज चौराहे पर रत्न विक्रेता के फ्लैक्स बोर्ड को लेकर हंगामा हो गया। एक दुकानदार ने बोर्ड फाड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उसे लाकर हवालात में बंद कर दिया। दुकानदार के पक्ष में एक वकील ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि रत्न विक्रेता ने अपने कई फ्लैक्स बोर्ड लगाकर अतिक्रमण किया हुआ है।
फ्लैक्स बोर्ड रत्न विक्रेता सुधांशु ने लगवा रखे हैं, जबकि दुकानदार प्रवीण इसका विरोधी है। दोनों के बीच काफी दिन से विवाद चल रहा है और कोर्ट तक मामला पहुंचा हुआ है। सुधांशु जी कहते हैं कि उन्होंने तो पब्लिक के फायदे में प्याऊ लगा रखा है। वहीं दुकानदार का आरोप है कि प्याऊ की आड़ में पीछे की दुकानों को ढक दिया गया है। दोनों पक्षों में बृहस्पतिवार भी कहासुनी हुई, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और शांति बनाए रखने की हिदायत दी थी। बताया कि दोपहर में दुकानदार प्रवीण ने बोर्ड पर लगी प्रचार सामग्री फाड़ दी। इसकी शिकायत सुधांशु ने सीओ सिविल लाइन से की, जिसके बाद सिविल लाइन थाने पुलिस मौके पर गई और दुकानदार प्रवीण को पकड़ लाई। उसे हवालात में बंद कर दिया। एक वकील ने थाने पहुंचकर दुकानदार को छुड़ाने की मांग की, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया।