एक दूजे के हुए 168 जोड़े
मेरठ। शहनाई और ढ़ोल नगाड़ों के बीच बेटियों को विदा करने के लिए सरकार की ओर से स्वामी विवेकानंद सुभारती विवि में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन किया गया। प्रशासन की ओर से आयोजित किए गए कार्यक्रम में 168 जोड़े दांपत्य बंधन में बंधे। हिंदू और मुस्लिम रीति-रिवाजों से विवाह कार्यक्रम संपन्न कराया गया। 117 हिंदू परिवार और 51 मुस्लिम परिवारों के जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाते हुए फेरे लिए और निकाह किया।
मुख्य अतिथि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री की अनूठी सोच का परिणाम है। जिससे आज गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ भी पीले हो रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कहा कि इस योजना से जहां बेटियों के हाथ पीले होंगे और दहेज जैसी कुप्रथा का अंत भी होगा। सांसद, डीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का जयपुरी साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
मुस्लिम जोड़ों ने भी डाली वरमाला
मुस्लिम जोड़ों ने भी एक-दूसरे को वरमाला डाली। बुरके में वरमाला डालकर समाज को एकजुट रहने का भी संदेश दिया गया। इस योजना में सभी के लिए 51 हजार रुपये की धनराशि खर्च की गई। जिसमें कन्या के खाते में 35 हजार, 10 हजार का सामान और छह हजार रुपये विवाह संपन्न कराने पर खर्च किए गए। इस मौके पर एक सिख जोड़ा भी शामिल रहा।
बौद्घ भिक्षु भी पहुंचे
इस मौके पर बौद्घ भिक्षु को भी बुलाया गया था। हालांकि किसी भी जोड़े की शादी बौद्घ धर्म के रीति-रिवाजों से नहीं की गई। कार्यक्रम स्थल पर भिक्षु ज्ञान ज्योति फेरो और ज्ञान फेरो मौजूद रहे।
स्वीकृति पत्र और सामान दिया गया
वर-वधू जोड़े को स्वीकृति पत्र दिया गया। वहीं सामान की पेटी में एक सूट दुपट्टा, एक सूट कपड़ा, दूल्हा हेतु पेंट-शर्ट, चुनरी, पायल एक जोड़ी, बिछिया, सैमसंग मोबाइल, वैनिटि किट, चम्मच स्टील, थाली स्टील, परात स्टील, कढ़ाई, कटोरी स्टील, ग्लास स्टील, यूनाईटेड कूकर शामिल रहे।
ये रहे मौजूद
सुभारती विवि डायरेक्टर डॉ. अतुल कृष्ण भटनागर, डॉ. वैभव गोयल, डॉ.आर पी सिंह, अनिल कुमार, अपर नगर आयुक्त अमित सिंह, समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद मुश्ताक अहमद, शहर काजी जैनु राशिद्दीन, हर्ष गोयल आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से दांपत्य बंधन में बंधे जोड़े
- स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में किया गया आयोजन