भाजपाइयों ने कैंडल मार्च निकाला, श्रद्धांजलि दी
खतौली। भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष अनुज सहरावत ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमें असलहा और आज्ञा दें तो पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को समाप्त कर देंगे। भाजपाइयों में आत्मघाती हमले में शहीद हुए जवानों को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शुक्रवार की शाम को हुई शोकसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। अनुज सहरावत ने कहा कि बहादुर जवानों की शहादत को लेकर पूरे देश में दुख और आक्रोश व्याप्त है। इसके बाद कैंडल मार्च निकाला गया और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पंडित सुबोध शर्मा, चंद्रमोहन शर्मा, कैलाश राजपूत, रोशन शर्मा, मोहित धारीवाल, मोहित जैन, वैभव जैन, अविरल जैन आदि शामिल रहे।