सहारनपुर के स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में बुधवार को अग्निवीर ट्रेड्समैन और तकनीकी पदों के लिए 13 जिलों के अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए। सेना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कुल 1037 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 920 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 760 ने दौड़ में सफलता हासिल की।
दौड़ में सफल 760 अभ्यर्थी अगले चरण में पहुंचे
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट देर शाम तक कराया गया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को बीम, बैलेंसिंग, पुशअप समेत अन्य शारीरिक मानदंडों पर भी परखा गया। दौड़ शुरू होने से पहले सभी अभ्यर्थियों को चेस्ट नंबर आदि दिए गए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दौड़ कराई गई।
यह भी पढ़ें: भाकियू का कमिश्नरी घेराव: सुबह 7 बजे स्थगित, 6 घंटे की वार्ता के बाद किसानों की समस्याओं पर समाधान का भरोसा
13 जिलों के सफल अभ्यर्थियों की हो रही भर्ती
सहारनपुर स्टेडियम में 13 जिलों के उन अभ्यर्थियों की अग्निवीर भर्ती कराई जा रही है, जिन्होंने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की है। सेना की ओर से लिखित परीक्षा एक से 15 जून के बीच अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कराई गई थी।
करीब 89 हजार अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में हुए थे शामिल
लिखित परीक्षा में करीब 89 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 25,920 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। अब सफल अभ्यर्थियों को भर्ती रैली के विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ रहा है।