तालाब में गिरे दो मासूम, मशक्कत के बाद बाहर निकाला
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना में दो बच्चे पतंग लूटने के दौरान गंदे पानी के तालाब में गिर गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को सकुशल बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
मलियाना में गंदे पानी का काफी पुराना तालाब है। मंगलवार को वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर तालाब में डूब रहे दो बच्चों पर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद टीपीनगर इंस्पेक्टर डालचंद भी फोर्स के साथ मौके पर आ गए। काफी देर तक किसी ने तालाब में घुसने का साहस नहीं दिखाया। इसी बीच कुछ युवक वहां सीढ़ी लेकर पहुंच गए और पुलिस के साथ मिलकर बच्चों को बाहर निकालने की मशक्कत में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया और पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर टीपीनगर डालचंद ने बताया कि बच्चों की पहचान हिमांशु (3) पुत्र रविंद्र और दीपांशु पुत्र देवेंद्र निवासीगण मलियाना के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पतंग लूटने के लिए बच्चों के तालाब में घुसने की जानकारी मिली है। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर है।
कई बार कर चुके शिकायत
जिस गंदे पानी के तालाब में दो बच्चे गिरे, उस तालाब को क्षेत्रीय लोग मौत का तालाब बताते हैं। लोगों के मुताबिक सालों पहले यह मलियाना शुगर मिल के शीरे के बड़े-बड़े कुंड हुआ करते थे। मिल बंद हो गयी और उसके बाद यहां शीरा रखा जाना भी बंद होता चला गया। बाद में यहां मलियाना का गंदा पानी जमा होने लगा। वर्तमान में यहां के हालात बेहद खराब हैं। छोटे-छोटे बच्चे तालाब के आसपास खेलते रहते हैं, जिसके चलते मंगलवार को बड़ा हादसा होते होते बचा। बताया जाता है कि कई बार लोगों ने अफसरों से इस तालाब को लेकर शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई।