घर बैठे ऑटो एसएमएस देगा एफआईआर की डिटेल
मेरठ। जनता के लिए अच्छी खबर है। मुकदमा हुआ या नहीं, मुकदमे में चार्जशीट लगी है या फिर पुलिस ने एफआर लगा दी, यह जानने के लिए अब पीड़ित को थाने के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आपको घर बैठे ही एफआईआर की डिटेल ऑटो एसएमएस देगा। इसके लिए थाने में सीसीटीएनएस को ऑटो एसएमएस से जोड़ा जा रहा है। पुलिस अफसरों के अनुसार जल्द ही यह सिस्टम लागू हो जाएगा।
पुलिस को हाईटेक बनाने और आम जनता को बेहतर सुविधा मुहैया करने के लिए प्रदेश के सभी थानों में सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्किंग सिस्टम) चालू किया गया है। थानों में सीसीटीएनएस के जरिये एफआईआर दर्ज, विवेचना और जीडी भी सीसीटीएनएस के जरिये ही चलती है। सीसीटीएनएस से लखनऊ में आटो एसएमएस जनरेट किया जा रहा है। इसमें फरियादी को दर्ज कराई एफआईआर के जानकारी एसएमएस के जरिये मिलेगी।
पीड़ित का नंबर होगा जनरेट
डीआईजी अखिलेश कुमार के मुताबिक पीड़ित को तहरीर पर अपना मोबाइल नंबर लिखना होगा। उसी नंबर को सीसीटीएनएस पर जनरेट किया जाएगा। मुकदमा दर्ज होते ही पीड़ित के मोबाइल पर एसएमएस से इसकी सूचना पहुंच जाएगी। उसमें मुकदमे में लगाई गई धाराओं का भी उल्लेख होगा।
कोर्ट में चार्जशीट, घर बैठे सूचना
मुकदमा दर्ज करके पुलिस गुपचुप तरीके से एफआर या फिर गंभीर धारा हटाकर चार्जशीट कोर्ट में जमा कर देती थी। यह जानकारी पीड़ित को नहीं मिलती थी। कोर्ट में केस ट्रायल पर आने के बाद ही जानकारी हो पाती थी कि केस में पुलिस ने क्या खेल किया। लेकिन अब पुलिस ऐसा नहीं कर पाएगी। कोर्ट में चार्जशीट दाखिल होते ही पीड़ित के पास एसएमएस पहुंच जाएगा।
अधिकारी देखेंगे पुलिस का खेल
एफआईआर और चार्जशीट से संबंधित आटो एसएमएस पीड़ित के पास पहुंच रहा है या नहीं, इसकी मानीटरिंग लखनऊ से की जाएगी। फरियादी अगर आटो एसएमएस पर मिस कॉल करेगा तो भी उसको मुकदमे की अपडेट जानकारी दोबारा एसएमएस के जरिए मिलेगी। अधिकारी सीसीटीएनएस पर पुलिस के खेल को पकड़ सकते हैं।
इसी माह में चालू होगा सिस्टम
आईजी रेंज रामकुमार ने बताया कि ऑटो एसएमएस की प्रक्रिया जनवरी माह के आखिरी सप्ताह में चालू हो जाएगी। लखनऊ में इस पर तेजी से काम चल रहा है। प्रदेश के सभी थानों में सीसीटीएनएस ऑटो एसएमएस से जोड़ा जाएगा। एफआइआर दर्ज करने के साथ पीड़ित के मोबाइल नंबर को ऑटो एसएमएस से जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद उसे सारी जानकारी घर बैठे मिलेगी।
खास बातें
ऑटो एसएमएस को कनेक्ट करेगा थाने का सीसीटीएनएस
जल्द शुरू हो जाएगा सिस्टम, लोगों को मिलेंगी सुविधाएं