राजस्थान गुर्जर आंदोलन के समर्थन में रेलवे ट्रैक कब्जाया
दौराला। राजस्थान में चल रहे गुर्जर आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को सपा नेता अतुल प्रधान के नेतृत्व में गुर्जर समाज के लोगों ने सकौती रेलवे स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक रेलवे ट्रैक कब्जाए रखा और धरना दिया। उन्होंने मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम सरधना को सौंपा। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। धरना के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।
राजस्थान में चल रहे गुर्जर आंदोलन को लेकर सपा नेता अतुल प्रधान ने मंगलवार को सकौती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकने का एलान किया था। मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे से ही एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय, सीओ दौराला जितेंद्र सरगम, रेलवे पुलिस और कई थानों की पुलिस फोर्स सकौती रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई थी। दोपहर के समय सपा नेता अतुल प्रधान ने स्टेशन के पास बने फार्म हाउस में गुर्जर समाज के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज काफी समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सत्ताधारी पार्टियों ने अनुपात के हिसाब से कभी भी हिस्सेदारी नहीं दी। नीति बनाने और लागू करने वाली संस्थाओं में समाज के लोगों की हिस्सेदारी नहीं है। आरक्षण की मांग को लेकर किसी भी सरकार ने कोई रुचि नहीं दिखाई है। केंद्र और राज्य सरकारें उचित कदम नहीं उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि गुर्जर आरक्षण 5 प्रतिशत की मांग पूरी हो। उनकी दूसरी मांग है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लाया गया 13 पाइंट रोस्टर एक काले अध्याय के समान है। इससे शिक्षण संस्थानों में पिछड़े, दलित व आदिवासियों को रोकने की एक बड़ी साजिश की गई है। सरकार इसे खत्म करें और 200 पाइंट रोस्टर अध्यादेश लाने का कार्य करें। इसके बाद समाज के लोग एकत्र होकर हाईवे से होते हुए सकौती रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और ट्रैक पर कब्जा कर वहीं बैठ गए। एक घंटे तक ट्रैक कब्जाए रखा। बाद में दो बजे पैसेंजर ट्रेन के आने से पहले ही अतुल प्रधान ने एसपी सिटी रणविजय सिंह और एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
ये रहे मौजूद
जतन सिंह भाटी, पंकज प्रधान, श्यामवीर सिंह, अमित गुर्जर सहारनपुर, विकास गुर्जर, जोनी, धमाल पुरकाजी, तालिब रिजवी, अंकित बिधुड़ी, सतपाल खारी, राजा गुर्जर, सन्नी मुखिया, अंकित गुर्जर, प्रदीप गुर्जर, अमित कुमार, संजू गुर्जर, सतवीर, रुपक गुर्जर आदि मौजूद रहे।
सुमित एनकाउंटर का भी किया जिक्र
रेलवे ट्रैक पर धरने के दौरान सपा नेता अतुल प्रधान ने सुमित गुर्जर एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि सुमित के परिवार को कब न्याय मिलेगा, उस मामले में आज तक जांच नहीं हुई है। लखनऊ में हुई घटना में विवेक तिवारी के परिवार को चालीस लाख रुपये मिले और दो पुलिसवालों को जेल भेज दिया गया, लेकिन सुमित के परिवार के परिवार को आज तक भी न्याय नही मिला है। भाजपा सरकार में दोहरी नीति अपनाई जा रही है।
सिटी रेलवे स्टेशन पर रोकी गई दिल्ली-अंबाला पेंसेजर ट्रेन
सकौती रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1.58 पर दिल्ली-अंबाला पैसेंजर ट्रेन आनी थी। गुर्जर समाज के धरने को देखते हुए ट्रेन को सिटी स्टेशन पर ही रोक दिया गया। हालांकि धरनारत लोग पहले ही ट्रैक से हट गए। जिसके बाद सिटी स्टेशन से ट्रेन को भेजा गया।
राजस्थान के गुर्जर आंदोलन के समर्थन में गुर्जर समाज के लोगों ने रेलवे ट्रैक पर धरना प्रदर्शन कर मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया है। इससे किसी भी तरह की ट्रेन यात्रा बाधित नहीं हुई है। -अमित कुमार भारतीय, एसडीएम सरधना