आठ घंटे गुल रही शहर के बड़े इलाके में बिजली
मेरठ। शताब्दी नगर फीडर की विद्युत लाइन में आए फाल्ट के कारण शनिवार को दिल्ली रोड तथा आसपास की कई कॉलोनियों में करीब आठ घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। दोपहर से गायब रही बिजली रात करीब आठ बजे आई। जिससे कई मोहल्ले और कॉलोनियां अंधेरे में डूबी रहीं। खासतौर पर पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
शताब्दी नगर फीडर से दिल्ली रोड की विभिन्न कॉलोनियों में विद्युत आपूर्ति होती है। शनिवार को यहां दोपहर 12 बजे के बाद हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आ गया। इससे माधवपुरम, देवलोक कॉलोनी, सरस्वती लोक कॉलोनी, प्रताप विहार, साईपुरम इंडस्ट्रियल एरिया, ब्रह्मपुरी, शारदा रोड, इंदिरा नगर, मोहकमपुर के अलावा दिल्ली रोड के कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
पानी की ज्यादा जरूरत थी
अहम यह रहा कि पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई। इससे लोग बुरी तरह से परेशान हो गए। होली से अगला दिन होने के कारण इस दिन पानी की ज्यादा आवश्यकता थी। सफाई, घरों तथा कपड़ों आदि की धुलाई के लिए इस दिन तैयारी हो रही थी। लेकिन बिजली कटौती ने सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया। आलम यह रहा कि देर शाम तक बिजली आई ही नहीं। लोगों ने कई बार बिजली घर जाकर पूछताछ की। कुछ लोगों ने हंगामा भी किया। कहा कि जानबूझकर बिजली विभाग के कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं और यदि कहीं कोई गड़बड़ी है तो उसे समय से ठीक नहीं कर रहे हैं। उधर, पावर कारपोरेशन की टीम दिन भर फाल्ट ढूंढने में लगी रही। फाल्ट पर काम हुआ। लेकिन रात आठ बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हो पाई। अधीक्षण अभियंता के मुताबिक फाल्ट ढूंढने और उसे ठीक करने में समय लग गया। इसलिए थोड़ी देर हुई। जानबूझकर किसी ने देरी नहीं की और टीम तो समय से ही काम में लग गई थी।