37 पुरुषों ने दिखाई अक्लमंदी... कराई नसबंदी
मेरठ। नसबंदी पखवाड़ा में पुरुषों ने आगे आकर परिवार नियोजन में भागीदारी के मामले में समझदारी दिखाई है। 22 नवंबर से चल रहे अभियान में मेरठ में अब तक 37 पुरुषों ने नसबंदी कराई है। इससे पुरुष नसबंदी में जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अभी तक 51 नसबंदी करवाकर प्रयागराज जिला पहले स्थान पर चल रहा है। तीसरे स्थान पर लखनऊ है, जहां पर 26 पुरुषों ने कराई है। हापुड़ चौथे स्थान पर है, जहां 24 पुरुषों ने नसबंदी कराई है।
यह अभियान 12 दिसंबर तक चलेगा। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. पूजा शर्मा ने बताया कि 12 ब्लॉक में जिन 37 पुरुषों ने नसबंदी कराई है, इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) भावनपुर में दो, भूड़बराल में दो, खरखौदा में दो, माछरा में दो, परीक्षितगढ़ में छह, रोहटा में 9, दौराला में दो, सरधना में 4, सरूरपुर में चार, शहरी क्षेत्र चार पुरुष शामिल हैं। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। पुरुषों को नसबंदी कराने के फायदे बताए जा रहे हैं।
लाभार्थी को प्रोत्साहन के रूप में मिलते हैं 3000 रुपये
पुरुष नसबंदी कराने पर शासन की ओर से प्रोत्साहन राशि के रूप में एक व्यक्ति को 3000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि लाभार्थी के खाते में सीधे ट्रांसफर की जाती है।