तीन सड़क हादसों में 3 की मौत, तीन घायल
सरूरपुर/सरधना। देहात क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। मेरठ-करनाल हाईवे पर ईकड़ी चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक युवक, सरधना-बिनौली मार्ग पर हर्रा के पास दूसरे युवक और खेड़ा गांव के पास सड़क हादसे में तीसरे युवक की जान गई। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
सरूरपुर क्षेत्र में रविवार रात लगभग 8 बजे कस्बा हर्रा निवासी बिलाल पुत्र अलीशेर, चांद पुत्र सईद व यूसुफ पुत्र शराफत बाइक पर सवार होकर हर्रा लौट रहे थे। जब वह सरधना-बिनौली रोड पर इंटर कॉलेज के पास पहुंचे तो सामने से अचानक रोड पर आए बिना लाइट वाले केन लोडर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में यूसुफ (22) पुत्र शराफत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और जाम लग गया। लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने केन लोडर व बाइक को कब्जे में ले लिया।
वहीं, बड़ौत (बागपत) के लुहारी गांव निवासी सौरभ (22) पुत्र तेजवीर अपने दोस्त बागपत पुट्ठी निवासी शुभम तोमर (21) पुत्र सोरन के साथ कोचिंग पढ़ने बड़ौत गया था। दोनों 12वीं पास करने के बाद से आर्मी के लिए फिजिकल हो चुका था। वह लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। कोचिंग के बाद दोनों किसी काम से मेरठ आ रहे थे। सरधना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर ईकड़ी चौराहे के पास ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान शुभम की मौत हो गई। बडे़ भाई अंकित तोमर ने बताया कि शुभम सेना में अपना करियर संवारना चाहता था। वह जी-जान से तैयारी में जुटा था।
इसके अलावा, रविवार को नंगलाताशी निवासी शिवम (22) पुत्र सीलू सरधना क्षेत्र के खेड़ा गांव में चंद्रप्रकाश के यहां आया था। दोपहर में वह बाइक से गांव लौट रहा था। खेड़ा गांव के पास ही उसकी बाइक ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेरठ के अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि तहरीर आने पर मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।