संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। गाजियाबाद निवासी जमीन स्वामी ने गांव उलधन में अपनी कृषि भूमि 48 लाख प्रति बीघा तय कर 2.92 करोड़ की धनराशि हड़प कर बैनामा करने से इन्कार कर दिया। पीड़ित खरीदार ने एसएसपी से शिकायत कर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव बहरानपुर निवासी रविंद्र गुर्जर के अनुसार गाजियाबाद निवासी ज्योति त्यागी व उसकी पुत्री मनस्विनी त्यागी व पुत्र वंश त्यागी व आदेश त्यागी से नौ बीघा पक्की जमीन 48 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से खरीदना तय किया था। जमीन की एवज में उसे 4.32 करोड़ रुपये देना तय हुआ था। जमीन स्वामी मनस्विनी त्यागी ने पहले अपना 4.5 बीघा पक्का हिस्सा उसे बेचना तय किया। रविंद्र गुर्जर ने इसकी एवज में नकद, चेक व अन्य माध्यम से उससे करीब 2.92 करोड़ रुपये दे दिए।
जमीन स्वामी ने दो वर्ष पहले रविंद्र गुर्जर को जमीन पर कब्जा भी दे दिया था। आरोप है कि तय समय के अनुसार बैनामा करने के दिन जमीन स्वामी ने बैनामा करने से इन्कार कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी के आदेश पर खरखौदा थाने में ज्योति त्यागी, मनस्विनी त्यागी, वंश त्यागी व आदेश त्यागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ किठौर प्रमोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।