योजना की धीमी गति पर दो एजेंसियों पर पेनाल्टी
मेरठ। पीवीवीएनएल में चल रही केंद्र सरकार की योजनाओं की धीमी प्रगति पर एमडी आशुतोष निरंजन ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। साथ ही दोषी दो एजेंसियों पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। वे मंगलवार को ऊर्जा भवन में योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
पीवीवीएनएल के अंतर्गत आने वाले 14 जनपदों में बिजली व्यवस्था बेहतर करने के लिए केंद्र सरकार की डीडीयूजीजेवाय और आईपीडीएस योजना चल रही है। डीडीयूजीजेवाय के अंतर्गत गांवों की और आईपीडीएस योजना के जरिये शहरों की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। मंगलवार को एमडी ने दोनों योजनाओं के अंतर्गत बनाए जा रहे नए बिजलीघर और पुराने बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि कार्य की समीक्षा की। इसमें दो कार्यदायी संस्थाएं मैसर्स सत्यसाईं बिल्डर्स बरेली और मैसर्स ओमवीर सिंह बुलंदशहर का काम संतोषजनक नहीं मिला। इस पर एमडी ने इन दोनों पर पेनाल्टी लगा दी। एमडी ने कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य आगामी 30 अप्रैल तक हर हाल में पूरे करने को कहा। इस मौके पर निदेशक तकनीकी राजकुमार अग्रवाल, मुख्य अभियंता विराग बंसल, एमके अग्रवाल, एसके मित्तल, आईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार, संजय जैन, सिद्धार्थ मिश्रा, राजेश बालियान आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
पीवीवीएनएल ने की कंपनी में चल रही योजनाओं की समीक्षा